मुख्यमंत्री कमल नाथ ने प्रदेश के पर्यटन स्थलों का राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के लिए सुनियोजित कार्ययोजना बनाने और पर्यटन को प्रोत्साहित करने वाली एजेंसियों को भी इसमें शामिल करने को कहा है। संचालक मंडल की बैठक में पर्यटन स्थलों को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने के लिए एक कार्ययोजना स्वीकृत की गई जिससे लगभग पचास हजार बालिकाओं और महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आज मंत्रालय में मध्यप्रदेश पर्यटन संचालक मंडल की बैठक हुई। बोर्ड की बैठक में प्रदेश के पर्यटन स्थलों को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने के लिए कार्य योजना को स्वीकृति दी गई। इसके अंतर्गत पर्यटन स्थलों को बीस क्ल्सटर में विभाजित कर प्रत्येक पचास पर्यटन स्थलों को शामिल किया जाएगा। जिनमें महिला पर्यटकों के अनुकूल वातावरण निर्माण, संबंधित जानकारी की सहज उपलब्धता एवं महिलाओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना में सुधार किया जाएगा। इसमें पर्यटन स्थल की स्थानीय महिलाओं को एवं बालिकाओं को महिला पर्यटकों की सुरक्षा एवं सहयोग के लिए तैयार किया जाएगा। उन्हें आत्मरक्षा प्रशिक्षण एवं पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं के समीप कार्य करने के लिए कौशल उन्नयन रोजगार एवं स्वरोजगार की दृष्टि से प्रशिक्षित किया जाएगा। इस योजना के जरिए पचास हजार महिलाओं एवं बालिकाओं को जोड़ने का लक्ष्य है।
पर्यटन स्थलों को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने 50 हजार महिलाओं को रोजगार देने का लक्ष्य