कर्नाटक की 15 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। रुझानों में भाजपा 2 सीटों पर आगे है। 10 सीटें जीत ली हैं। कांग्रेस को दो सीटों पर जीत मिली है। एक सीट पर निर्दलीय को बढ़त मिली है। 6 सीटें जीतने के साथ ही भाजपा की येदियुरप्पा सरकार सुरक्षित हो गई है। उपचुनाव के यह नतीजे भाजपा सरकार के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं, क्योंकि उपचुनाव के बाद विधानसभा में 222 सीटें हो जाएंगी। उस स्थिति में बहुमत का आंकड़ा 112 होगा। इस स्थिति में येदियुरप्पा को सत्ता बचाने के लिए 6 सीटें जीतना जरूरी था।
इसी बीच, कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने कहा- मैंने कांग्रेस विधायक दल के नेता के पद से इस्तीफा दे दिया है। विधायक दल का नेता होने के नाते मुझे लोकतंत्र का सम्मान करना चाहिए। मैंने अपना इस्तीफा सोनिया गांधी को भेज दिया है। वहीं, कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने हार स्वीकार कर ली। उन्होंने कहा- उपचुनाव में जनता ने दल बदलने वालों को पसंद किया। हमें नतीजे से निराश नहीं होना चाहिए। 5 दिसंबर को उपचुनाव की 15 सीटों पर 165 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे।